मऊ । उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के दोहरीघाट थाना क्षेत्र में शुक्रवार और शनिवार की दरम्यानी रात एक हृदयविदारक सड़क हादसे ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। झारखंड (Jharkhand) के रांची से बेटी की शादी कर लौट रहे परिवार के तीन सदस्यों और दो चालकों समेत कुल पांच लोगों की इस दर्दनाक दुर्घटना में मौत हो गई।
तेज रफ्तार स्कार्पियो ट्रेलर से टकराई
हादसा कुसुम्हा-बशारतपुर के पास वाराणसी-गोरखपुर (Varanasi-Gorakhpur) फोरलेन पर हुआ। एक तेज रफ्तार स्कार्पियो अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में पहुंच गई और सामने से आ रहे ट्रेलर से जा टकराई।
पति-पत्नी और इकलौते बेटे की मौत
मृतकों की पहचान गोरखपुर के खोराबार निवासी विनय श्रीवास्तव, उनकी पत्नी अर्चना श्रीवास्तव और उनके 27 वर्षीय इकलौते बेटे कृतार्थ के रूप में हुई है। इसके अलावा वाहन चला रहे मुख्य चालक पुरुषोत्तम और सहायक चालक नितीश की भी मौके पर ही मौत हो गई।
बेटी की शादी से लौट रहा था परिवार
जानकारी के अनुसार, विनय श्रीवास्तव 20 अप्रैल को अपनी बेटी विमन्सा की शादी के लिए रांची गए थे। विवाह संपन्न होने के बाद परिवार किराए की स्कार्पियो से गोरखपुर लौट रहा था।
आधी रात 2:30 बजे हुआ हादसा
करीब रात 2:30 बजे दोहरीघाट क्षेत्र में वाहन अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर (Devidor) से टकराया और उछलकर दूसरी लेन में चला गया, जहां सामने से आ रहे भारी ट्रेलर ने उसे अपनी चपेट में ले लिया।
स्कार्पियो के उड़े परखच्चे
टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कार्पियो पूरी तरह क्षतिग्रस्त होकर लोहे के मलबे में बदल गई। वाहन के अंदर फंसे लोगों को बाहर निकालना बेहद कठिन हो गया।
गैस कटर से निकाले गए शव
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी संजय कुमार त्रिपाठी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। शवों को निकालने के लिए गैस कटर और ट्रैक्टर की मदद लेनी पड़ी, जिसके बाद घंटों की मशक्कत के बाद सभी को बाहर निकाला जा सका।
पालतू कुत्ते की भी मौत, चालक फरार
इस हादसे में वाहन में मौजूद एक पालतू कुत्ते की भी जान चली गई। वहीं, ट्रेलर चालक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।
हादसे की वजह का अंदेशा
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि देर रात होने के कारण चालक को नींद की झपकी आई होगी या वाहन की गति अधिक होने से नियंत्रण खो गया। इस दर्दनाक घटना से मृतकों के पैतृक गांव रानीडीहा में शोक की लहर है। वहीं रांची में ससुराल पक्ष के लोग भी इस खबर से स्तब्ध हैं।
अन्य पढ़े: North korea escape : जान जोखिम में डालकर भागा परिवार, अंत में दुखद मोड़
मामला दर्ज, जांच जारी
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर अज्ञात ट्रेलर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश जारी है।
Read More :