Bihar- नीट छात्रा मौत केस में सीबीआई की कार्रवाई तेज, मां और नानी से लंबी पूछताछ

Read Time:  1 min
नीट छात्रा
नीट छात्रा
FONT SIZE
GET APP

पटना,। पटना के एक निजी हॉस्टल में नीट की तैयारी कर रही छात्रा की संदिग्ध मौत के मामले में जांच अब निर्णायक मोड़ पर पहुंचती दिख रही है। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (Central Bureau of Investigation) (सीबीआई) ने गुरुवार को तीसरी बार जहानाबाद (Jehanabad) पहुंचकर मृतका के परिजनों से लंबी पूछताछ की। एजेंसी ने मखदुमपुर थाना क्षेत्र स्थित पैतृक गांव में छात्रा की मां और नानी से करीब तीन घंटे तक गहन सवाल-जवाब किए।

इलाज और हॉस्टल प्रबंधन पर फोकस

सूत्रों के अनुसार, जांच टीम यह जानने की कोशिश कर रही है कि छात्रा की तबीयत बिगड़ने के बाद इलाज के दौरान क्या-क्या घटनाक्रम हुआ। साथ ही हॉस्टल संचालिका और प्रबंधन की भूमिका पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। सीबीआई यह समझना चाहती है कि हॉस्टल में रहने के दौरान छात्रा की मानसिक और शारीरिक स्थिति कैसी थी।

गया में ननिहाल पहुंची टीम

जहानाबाद में पूछताछ के बाद टीम गया स्थित छात्रा के ननिहाल भी पहुंची। वहां मामा और अन्य रिश्तेदारों से बयान दर्ज किए गए। बताया गया कि परिवार के कुछ सदस्य बाहर नौकरी करते हैं, जबकि अन्य गांव और गया में रहते हैं। एजेंसी ने सभी कड़ियों को जोड़ने के लिए सामूहिक रूप से जानकारी जुटाई है।

निलंबित दारोगा से चार घंटे पूछताछ

जांच के दायरे में स्थानीय पुलिस की भूमिका भी है। कदमकुआं थाना के निलंबित दारोगा हेमंत झा से करीब चार घंटे पूछताछ की गई। एफएसएल रिपोर्ट आने के बाद सबूत जुटाने में लापरवाही के आरोप में उन्हें और चित्रगुप्तनगर थानेदार रोशनी कुमार को निलंबित किया गया था।

सीबीआई ने पूछा कि छात्रा के अस्पताल पहुंचने के बाद उसके कपड़े क्यों जब्त नहीं किए गए। परिजनों को कपड़े कैसे मिले और पुलिस ने पोस्टमार्टम व एफएसएल रिपोर्ट में गंभीर संकेत मिलने के बावजूद इसे आत्महत्या क्यों माना।

सियासी बयानबाजी भी तेज

पूर्णिया के सांसद (Pappu Yadav) ने भी इस मामले में पुलिस प्रशासन पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए पटना एसएसपी और एसपी की कार्यशैली पर गंभीर आरोप लगाए और हॉस्टल प्रबंधन की गिरफ्तारी को लेकर सवाल खड़े किए।

अन्य पढ़े: Railway- NCR में नई रफ्तार, नमो भारत आरआरटीएस कॉरिडोर से जुड़ेंगे 8 बड़े शहर

परिवार का आरोप बरकरार

मृतका के चाचा ने कहा कि परिवार शुरुआत से ही हॉस्टल प्रबंधन पर शक जता रहा है। उनका दावा है कि घटना की असल सच्चाई हॉस्टल के अंदर ही छिपी है। परिवार ने सीबीआई से मांग की है कि हॉस्टल संचालिका, उसके बेटे और वार्डेन को आमने-सामने बैठाकर पूछताछ की जाए, ताकि सच्चाई सामने आ सके। फिलहाल जांच एजेंसी सभी पहलुओं की बारीकी से पड़ताल कर रही है। आने वाले दिनों में इस संवेदनशील मामले में और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

Read More :

Anuj Kumar

लेखक परिचय

Anuj Kumar

सूचना : इस वेबसाइट पर प्रकाशित खबरें केवल पाठकों की जानकारी के उद्देश्य से दी जाती हैं। हम अपनी ओर से यथासंभव सही और सटीक जानकारी प्रदान करने का प्रयास करते हैं।