West Bengal- चंद्रनाथ हत्याकांड में बड़ा खुलासा, बिहार-यूपी से 3 शार्पशूटर गिरफ्तार

Read Time:  1 min
चंद्रनाथ हत्याकांड
चंद्रनाथ हत्याकांड
FONT SIZE
GET APP

कोलकाता/बक्सर। पश्चिम बंगाल में चर्चित चंद्रनाथ रथ हत्याकांड (Chandranath Rath Murdercase) की जांच में बंगाल पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। एसआईटी और एसटीएफ (SIT and STF) की संयुक्त टीम ने बिहार और उत्तर प्रदेश में छापेमारी कर तीन संदिग्ध शार्पशूटरों को हिरासत में लिया है। पूछताछ के लिए तीनों को कोलकाता लाया गया, जहां भवानी भवन में देर रात तक उनसे पूछताछ चलती रही। माना जा रहा है कि इस हत्याकांड की साजिश काफी सुनियोजित तरीके से रची गई थी।

चुनाव नतीजों के बाद हुई थी हत्या

जानकारी के अनुसार, पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव (West Bengal Assembly Election) में भाजपा की जीत के बाद राजनीतिक माहौल गर्म था। इसी बीच 6 मई की रात मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के करीबी सहयोगी चंद्रनाथ रथ की मध्यग्राम इलाके में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ चार गोलियां चलाई थीं, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

यूपीआई ट्रांजैक्शन से मिला बड़ा सुराग

हत्या की जांच में जुटी सीआईडी और एसटीएफ को डिजिटल ट्रांजैक्शन से अहम सुराग मिला। जांचकर्ताओं को पता चला कि हमलावरों ने भागने के दौरान बाली टोल प्लाजा पर यूपीआई के जरिए भुगतान किया था। इसी डिजिटल ट्रेल के आधार पर पुलिस की टीम उत्तर प्रदेश और बिहार तक पहुंची और संदिग्धों की पहचान की गई।

बिहार और यूपी में छापेमारी, तीन शूटर हिरासत में

एसआईटी की टीम ने रविवार को बिहार और उत्तर प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में कार्रवाई करते हुए तीन शार्पशूटरों को हिरासत में लिया। पुलिस का मानना है कि हत्या के बाद आरोपी राज्य से बाहर भाग गए थे। फिलहाल कोलकाता के भवानी भवन में उनसे लगातार पूछताछ की जा रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस हत्या के पीछे किसका हाथ था और चंद्रनाथ रथ को निशाना क्यों बनाया गया।

फर्जी नंबर प्लेट और OLX कनेक्शन

जांच में यह भी सामने आया है कि हमलावरों ने जिस कार का इस्तेमाल किया था, उसकी नंबर प्लेट फर्जी थी। पुलिस के मुताबिक, सिलीगुड़ी के एक व्यक्ति द्वारा OLX पर डाली गई कार की तस्वीर का इस्तेमाल कर नकली नंबर प्लेट तैयार की गई थी, ताकि पुलिस को गुमराह किया जा सके।

अन्य पढ़े: West Bengal- भावुक हुए अमित शाह, बोले- शहीदों के बलिदान का मिला प्रतिफल

बक्सर से विशाल श्रीवास्तव हिरासत में

बक्सर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पांडेयपट्टी निवासी विशाल श्रीवास्तव को भी पश्चिम बंगाल पुलिस ने हिरासत में लिया है। उसके खिलाफ हत्या, आर्म्स एक्ट और मारपीट समेत कई आपराधिक मामले दर्ज बताए जा रहे हैं। हालांकि बक्सर एसपी शुभम आर्य ने यह स्पष्ट नहीं किया कि उसे सीधे चंद्रनाथ रथ हत्याकांड में गिरफ्तार किया गया है या पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। उन्होंने केवल इतना कहा कि पश्चिम बंगाल पुलिस की टीम उसे अपने साथ कोलकाता ले गई है।

Read More :

Anuj Kumar

लेखक परिचय

Anuj Kumar

सूचना : इस वेबसाइट पर प्रकाशित खबरें केवल पाठकों की जानकारी के उद्देश्य से दी जाती हैं। हम अपनी ओर से यथासंभव सही और सटीक जानकारी प्रदान करने का प्रयास करते हैं।