Banswara : नदी हादसे के बाद मां की पुकार, इकलौते बेटे की तलाश जारी

Read Time:  1 min
बांसवाड़ा
बांसवाड़ा
FONT SIZE
GET APP

बांसवाड़ा : मंदिर के बाहर बैठी एक मां लगातार नदी की ओर एकटक देख रही है। आंखों में आंसू और दिल में उम्मीद लिए वह अपने इकलौते बेटे के लौटने का इंतजार कर रही है।

8 साल के मासूम की मां मंदिर के बाहर बैठी नदी को देख रही है। महिला की आंखें यही तलाश रही है कि कब बेटा बाहर आएगा।

रोते हुए बार-बार एक ही बात कह रही है- ‘मेरा बेटा ढूंढ कर ला दो… कल से गया है… मेरा एक ही बेटा था… मेरा सहारा था… वो अभी छोटा था… अब वो घर वापस नहीं आएगा…

बांसवाड़ा में मंगलवार को नदी (River) में नाव पलटने से लापता हुए मासूम और युवक का अभी तक पता नहीं चला। रेस्क्यू टीमें दोनों की तलाश में लगी हुई है।

इधर, नाव में सवार लोकेश तीरगर ने बताया- हम मदद के लिए खूब चिल्लाए किसी ने हमारी मदद नहीं की। जिसे तैरना आता था वो बाहर आ गए, जो नहीं जानते थे वे डूब गए।

1. एक नाव में 11 लोग सवार: बांसवाड़ा के (Banswara) अरथूना थाना क्षेत्र में संगमेश्वर महादेव मंदिर के पास माही नदी में नाव हादसे के बाद दूसरे दिन भी रेस्क्यू जारी है। मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे माही नदी में एक नाव में 11 लोग सवार थे। नाविक सहित 9 लोग तैरकर सुरक्षित बाहर निकल आए, जबकि 8 साल का बच्चा और एक युवक लापता हो गए।

2. 20 घंटे बाद भी दो लापता: हादसा अरथूना थाना क्षेत्र के पांचवाड़ा पंचायत के भैंसाउ गांव में हुआ था। प्रशासन ने तुरंत स्थानीय गोताखोरों और सिविल डिफेंस टीम को मौके पर बुलाया और जयेश (21) पुत्र कचरा व मानव (8) पुत्र नाथू की तलाश शुरू की।

8 साल के मासूम की मां बोली…

बांसवाड़ा

कल से गया है, लौटा नहीं : घटना के बाद से परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है। 8 साल के मानव की मां माया रोते हुए बार-बार एक ही बात कह रही है कि “मेरा बेटा ढूंढ कर ला दो… कल से गया है… मेरा एक ही बेटा था… मेरा सहारा था… वो अभी छोटा था… अब वो घर वापस नहीं आएगा…।” पिता नाथू भी हाथ जोड़कर प्रशासन से गुहार लगा रहे हैं कि “मेरा बेटा ढूंढ दो… मुझे और कुछ नहीं चाहिए…”

‘अरे बाबाजी, कार्रवाई कराओ

जयेश की मां सविता रोते हुए बार-बार कह रही थी, “अरे बाबाजी, कार्रवाई कराओ… मेरे बेटे अभी तक नहीं मिले… वो घर पर नहीं थी और उसके 7 दोस्त उसे लेकर गए थे।” वह हाथ जोड़कर प्रशासन से अपने बेटे को जल्द ढूंढने की विनती कर रही थी। महिला का रो-रोकर बुरा हाल था और वह लगातार अपने लापता बेटे के लिए मदद मांग रही थी।

नाव एक तरफ झुक गई

नाव में सवार लोकेश तीरगर ने बताया कि वे अपने दोस्तों के साथ घूमने आए थे। सभी लोग नाव में बैठकर नदी पार गए और पुल के पास घूमने के बाद वापस लौट रहे थे। तभी बीच नदी में अचानक नाव असंतुलित हो गई और एक तरफ झुक गई। इससे नाव में पानी भर गया और वह पलट गई।

बोले- नाविक हमें छोड़ के भागा

लोकेश तीरगर ने बताया कि जिन लोगों को तैरना आता था, वे किसी तरह बाहर निकल आए, लेकिन दो लोगों को तैरना नहीं आता था, जिसकी वजह से वे डूब गए। उन्होंने कहा कि हम लोगों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो सके। नाविक भी सुरक्षित बाहर निकल गया, लेकिन जिम्मेदारी लेने के बजाय मौके से फरार हो गया।

लोकेश ने यह भी बताया कि हादसे के समय आसपास लोग मौजूद थे, लेकिन कोई भी मदद के लिए आगे नहीं आया। बाहर निकलने के बाद उन्होंने खुद लोगों को घटना की जानकारी दी, तब जाकर एक व्यक्ति ने फोन कर परिवार और अन्य लोगों को सूचना दी।

11 लोग थे सवार, नाविक मौके से फरार

डीएसपी बाबूलाल रैगर ने बताया कि रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है। एसडीआरएफ, नागरिक सुरक्षा की टीम के साथ स्थानीय लोगों की मदद से तलाश की जा रही है।

एसडीएम श्रवण सिंह राठौड़ ने बताया कि अभी तक सुराग नहीं लगा है। दो से तीन घंटे में हम लोग बॉडी को ढूंढ लेंगे। नदी की गहराई ज्यादा है इसलिए परेशानी आ रही है।

अन्य पढ़े: AP : पशु बलि विवाद- मेनका गांधी ने एपी के मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप की मांग की

हादसे के समय नाव में क्षमता से ज्यादा करीब 11 लोग सवार थे। नाव पलटते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। नाव में सवार 9 लोग किसी तरह तैरकर या मशक्कत कर सुरक्षित बाहर निकल आए, लेकिन दो लोग तेज बहाव में बह गए।

मामा के घर आया था 8 साल का मासूम

मानव (8) पुत्र नाथू मोटागांव थाना क्षेत्र के चंदूजी का गढ़ा का रहने वाला था। वह भानो का पाड़ा में अपने मामा लालशंकर के घर आया हुआ था और मामा के साथ संगमेश्वर महादेव के दर्शन करने गया था।

वहीं, जयेश (21) पुत्र कचरा तीरगर भानो का पाड़ा का निवासी था।

घटना के बाद पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारी हालात पर नजर बनाए हुए हैं।

अन्य पढ़े:

Surekha Bhosle

लेखक परिचय

Surekha Bhosle

सूचना : इस वेबसाइट पर प्रकाशित खबरें केवल पाठकों की जानकारी के उद्देश्य से दी जाती हैं। हम अपनी ओर से यथासंभव सही और सटीक जानकारी प्रदान करने का प्रयास करते हैं।