नई दिल्ली,। उत्तर और मध्य भारत के राज्यों में कड़ाके की ठंड का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। मध्य प्रदेश और राजस्थान (Madhya Pradesh and Rajasthan) में शीतलहर जैसे हालात बने हुए हैं, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है।
मध्य प्रदेश-राजस्थान में शीतलहर का प्रकोप
मध्य प्रदेश और राजस्थान के 19-19 शहरों में को न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। राजस्थान के गंगानगर और हनुमानगढ़ समेत कई जिलों में सुबह से ही घना कोहरा छाया रहा। सीकर के फतेहपुर में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि नागौर में पारा 5.6 डिग्री सेल्सियस रहा।
यूपी में घना कोहरा, विजिबिलिटी शून्य
उत्तर प्रदेश के 19 जिलों में शीतलहर (Cold Wave) के साथ घना कोहरा छाया रहा। ओस की बूंदें रिमझिम बारिश जैसी गिरती रहीं। लखनऊ, गोंडा, संभल और चंदौसी में विजिबिलिटी शून्य रिकॉर्ड की गई। हालात ऐसे रहे कि सड़कों पर 10 मीटर दूर तक कुछ दिखाई नहीं दे रहा था।
जम्मू-कश्मीर में माइनस में पहुंचा तापमान
जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर (Srinagar) में मंगलवार रात घने कोहरे के बीच तापमान माइनस 1.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कड़ाके की ठंड के चलते सामान्य जनजीवन प्रभावित रहा।
अन्य पढ़े: US campus shooting : ब्राउन यूनिवर्सिटी शूटिंग: दो की मौत, आठ घायल…
दिल्ली में धुंध का असर, फ्लाइट्स रद्द
दिल्ली में धुंध के कारण इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर 10 उड़ानें रद्द करनी पड़ीं। मंगलवार को दिल्ली दुनिया का तीसरा सबसे प्रदूषित शहर रहा, जहां वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 378 दर्ज किया गया। 425 AQI के साथ लाहौर पहले और सरायेवो दूसरे स्थान पर रहा।
उत्तराखंड में कोहरा, मौसम रहेगा शुष्क
उत्तराखंड के निचले इलाकों में बुधवार सुबह घना कोहरा छाया रहा। देहरादून, हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर सबसे ज्यादा प्रभावित रहे। पहाड़ी क्षेत्रों में पाला और हल्की धुंध देखी गई। मौसम विभाग के अनुसार राज्यभर में मौसम शुष्क रहने की संभावना है और बारिश या बर्फबारी के कोई संकेत नहीं हैं।
हरियाणा में कोहरे का यलो अलर्ट
हरियाणा के अधिकांश इलाकों में बुधवार सुबह कोहरा छाया रहा। मौसम विभाग ने सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, चरखीदादरी, जींद और रोहतक सहित सात जिलों में कोहरे को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। पहाड़ों से आ रही ठंडी हवाओं के चलते तापमान में और गिरावट की संभावना जताई गई है।
मध्य प्रदेश में फिर शीतलहर का अलर्ट
मध्य प्रदेश में एक बार फिर शीतलहर का दौर शुरू हो गया है। भोपाल, रायसेन, राजगढ़, शाजापुर और सीहोर में बुधवार को शीतलहर का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं भोपाल, ग्वालियर समेत 22 जिलों में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। कोहरे के कारण ट्रेन और उड़ानें भी देरी से चल रही हैं। मंगलवार को छतरपुर के नौगांव में घने कोहरे के चलते विजिबिलिटी 500 से 1,000 मीटर के बीच रही।
Read More :