मुख्य बातें: –
- दक्षिण और पूर्वोत्तर भारत में तेज बारिश और आंधी का दौर जारी
- मॉनसून 26 मई तक केरल तट पर दस्तक दे सकता है
नई दिल्ली। देशभर में मौसम का मिजाज लगातार बदलता नजर आ रहा है। एक ओर उत्तर और मध्य भारत के कई राज्य भीषण गर्मी और लू की चपेट में आने वाले हैं, तो दूसरी ओर दक्षिण और पूर्वोत्तर भारत में तेज बारिश (Heavy Rain) और आंधी का दौर जारी है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों को लेकर कई राज्यों में अलर्ट जारी किया है। इसी बीच लोगों के लिए राहत की खबर यह है कि इस बार दक्षिण-पश्चिम मॉनसून तय समय से पहले भारत पहुंच सकता है। भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक मॉनसून 26 मई तक केरल तट पर दस्तक दे सकता है, जबकि इसकी सामान्य तारीख 1 जून मानी जाती है।
यूपी में आंधी-तूफान और लू का डबल अटैक
उत्तर प्रदेश (Uttar pradesh) में मौसम सबसे ज्यादा चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। हाल ही में आए तेज आंधी-तूफान और बारिश ने भारी तबाही मचाई थी, जिसमें 100 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। अब मौसम विभाग ने आगरा, मथुरा, कानपुर, वाराणसी, मिर्जापुर, बलिया और बरेली समेत कई जिलों में फिर तेज हवाओं और बारिश की चेतावनी जारी की है। 65 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। वहीं राजधानी लखनऊ समेत कई शहरों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है। विभाग ने 16 से 21 मई तक भीषण लू का अलर्ट जारी किया है।
दिल्ली-पंजाब समेत कई राज्यों में हीटवेव का खतरा
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के राज्यों में अगले कुछ दिनों में तापमान 3 से 5 डिग्री तक और बढ़ सकता है। दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में 17 से 21 मई के बीच गंभीर हीटवेव की चेतावनी दी गई है। दिल्ली में अधिकतम तापमान 42 डिग्री तक पहुंच सकता है। राजस्थान, मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) और विदर्भ के कई हिस्सों में पारा सामान्य से काफी ऊपर दर्ज किया जा रहा है। पश्चिमी राजस्थान में लू का असर ज्यादा रहेगा, जबकि अलवर, जोधपुर और अजमेर जैसे जिलों में धूल भरी आंधी और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।
अन्य पढ़े: West Bengal- चंद्रनाथ रथ हत्याकांड में बड़ा खुलासा, 70 लाख की सुपारी का शक, छापेमारी जारी
पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत में भारी बारिश
देश के पूर्वोत्तर राज्यों में मौसम पूरी तरह बदला हुआ है। असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश और नागालैंड में अगले एक सप्ताह तक भारी बारिश का अनुमान लगाया गया है। बिहार और पश्चिम बंगाल में भी तेज बारिश और 80 से 85 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं केरल, तमिलनाडु और कर्नाटक में प्री-मॉनसून बारिश लगातार हो रही है। मौसम विभाग का कहना है कि अंडमान सागर और बंगाल की खाड़ी में अनुकूल परिस्थितियां बनने के कारण मॉनसून तेजी से आगे बढ़ रहा है। हालांकि अल नीनो के प्रभाव के चलते कुछ इलाकों में सामान्य से कम बारिश की आशंका भी जताई गई है।
Read More :