Latest Hindi News : तूफान-बारिश से ब्राजील और फिलीपींस में तबाही, 6 की मौत, हजारों बेघर

Read Time:  1 min
तूफान-बारिश
तूफान-बारिश
FONT SIZE
GET APP

ब्रासीलिया । ब्राजील में तेज आंधी और बारिश (Heavy Rain) ने भारी तबाही मचाई है। दक्षिणी राज्य पराना में शुक्रवार देर रात तेज हवाओं और भारी बारिश के साथ आए तूफान ने भारी तबाही मचाई। राज्य सरकार के अनुसार, इस हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई है। सबसे ज्यादा नुकसान रियो बोनिटो डो इगुआकू शहर में हुआ। यहां आधे से अधिक घरों की छतें उड़ गईं, कई इमारतें ढह गईं, सड़कें बंद हो गईं और बिजली की लाइनें टूट गईं। इस हादसे में अब तक 437 लोग घायल हुए हैं, वहीं लगभग 1000 लोग बेघर हो गए। मौसम विभाग के अनुसार हवा की गति 180 से 250 किलोमीटर प्रति घंटा तक थी।

फिलीपींस में ‘फंग-वोंग’ सुपर टाइफून का कहर

दूसरी ओर, फिलीपींस में रविवार को फंग-वोंग सुपर टाइफून (Fung-wong Super Typhoon) के कारण भारी बारिश और तेज हवाएं चलीं। इसके चलते फिलीपींस के पूर्वी और उत्तरी इलाकों से 1.5 लाख से ज्यादा लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया गया। यहां ऊंची समुद्री लहरों के लिए चेतावनी जारी कर दी गई है।

कई इलाकों में जारी उच्चस्तरीय चेतावनी

फिलीपींस के बड़े हिस्से में चेतावनी जारी कर दी गई है। जिनमें सिग्नल संख्या 5 (सबसे ऊंची चेतावनी) दक्षिण-पूर्वी लूजोन में जारी की गई है। इसमें कैटनडुआनस, कैमरिन्स नॉर्टे और कैमरिन्स सुर के तटीय क्षेत्र शामिल हैं। वहीं, मेट्रो मनीला (Metro Manila) और आसपास के क्षेत्र सिग्नल संख्या 3 के अंदर हैं।

तेज हवाएं और उड़ानें रद्द

तूफान की रफ्तार 185 से 230 किलोमीटर प्रति घंटा है। यह रात तक मध्य लुजोन के औरोरा प्रांत में दस्तक दे सकता है। यहां भारी बारिश, तेज हवाएं और समुद्री लहरों का खतरा है। कई इलाकों में बिजली गुल हो चुकी है और 300 से ज्यादा उड़ानें रद्द कर दी गई हैं।

पहले भी आ चुका है विनाशकारी टाइफून

कुछ दिन पहले ही टाइफून ‘कलमेगी’ ने फिलीपींस में 204 लोगों की जान ली थी और वियतनाम में 5 की मौत हुई थी। वहां मछली पकड़ने की नावें और कई लॉब्स्टर फार्म तबाह हो गए थे। हालांकि दोनों ही देशों में राहत एवं बचाव का काम तेजी से चल रहा है।

Read More :

Anuj Kumar

लेखक परिचय

Anuj Kumar

सूचना : इस वेबसाइट पर प्रकाशित खबरें केवल पाठकों की जानकारी के उद्देश्य से दी जाती हैं। हम अपनी ओर से यथासंभव सही और सटीक जानकारी प्रदान करने का प्रयास करते हैं।