Bihar- भागलपुर में बड़ा हादसा : विक्रमशिला सेतु का हिस्सा गंगा में गिरा, सीमांचल से संपर्क बाधित

Read Time:  1 min
विक्रमशिला सेतु
विक्रमशिला सेतु
FONT SIZE
GET APP

भागलपुर। बिहार के भागलपुर में गंगा नदी पर बने विक्रमशिला सेतु (Vikramsila Setu) का एक हिस्सा देर रात भरभराकर गिर गया, जिससे सीमांचल का संपर्क अचानक टूट गया। हादसा रात करीब 1:10 बजे हुआ, जब पुल के पिलर संख्या 4 और 5 के बीच का लगभग 34 मीटर लंबा स्लैब नदी में समा गया। राहत की बात यह रही कि समय रहते ट्रैफिक रोक दिए जाने के कारण कोई जनहानि नहीं हुई।

शाम से ही दिखने लगी थी दरार

जानकारी के मुताबिक, पुल के एक्सपेंशन जॉइंट (Expension Joint) में शाम से ही दरार दिखाई देने लगी थी। स्थिति को भांपते हुए प्रशासन ने तुरंत वाहनों की आवाजाही रोक दी, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

देर रात अचानक धंसा स्लैब

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पहले जॉइंट में गैप बढ़ा और धीरे-धीरे पुल का हिस्सा कमजोर होता गया। इसके बाद देर रात एक बड़ा स्लैब गंगा में गिर गया। उस समय पुल पर वाहनों की लंबी कतार थी, लेकिन पुलिस की सतर्कता से सभी को सुरक्षित हटा लिया गया।

मौके पर पहुंचे अधिकारी, ट्रैफिक डायवर्ट

घटना की सूचना मिलते ही SSP प्रमोद कुमार यादव, SDM विकास कुमार और अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुल के दोनों ओर बैरिकेडिंग कर दी गई है और वाहनों को मुंगेर पुल (Munger Bridze) की ओर डायवर्ट किया गया है। सुरक्षा के मद्देनजर दोनों ओर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

मरम्मत में लगेगा समय

एनएच के एसडीओ सुधीर कुमार के अनुसार, गिरे हुए स्लैब को बदलने में कम से कम 15 दिन का समय लगेगा। फिलहाल पुल निगम के अधिकारी मौके पर जांच में जुटे हैं और क्षति का आकलन किया जा रहा है।

Read Also : Delhi- एसी ब्लास्ट से लगी आग, विवेक विहार की बिल्डिंग में 9 की मौत

16 जिलों के लिए अहम है यह सेतु

विक्रमशिला सेतु सीमांचल समेत करीब 16 जिलों को भागलपुर से जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग है। रोजाना करीब 50 हजार से अधिक छोटे-बड़े वाहन इस पुल से गुजरते हैं। पुल में जॉइंट और एक्सपेंशन गैप की समस्या पहले भी सामने आ चुकी है और आखिरी बार 2020 में इसकी मरम्मत की गई थी।

Read More :

Anuj Kumar

लेखक परिचय

Anuj Kumar

सूचना : इस वेबसाइट पर प्रकाशित खबरें केवल पाठकों की जानकारी के उद्देश्य से दी जाती हैं। हम अपनी ओर से यथासंभव सही और सटीक जानकारी प्रदान करने का प्रयास करते हैं।