Ranchi-News : रिम्स हॉस्टल में एमबीबीएस छात्र की मौत

Read Time:  1 min
रिम्स हॉस्टल
रिम्स हॉस्टल
FONT SIZE
GET APP

कमरे में फंदे से लटका मिला शव

Ranchi : रांची के रिम्स में एमबीबीएस सेकंड ईयर के छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। छात्र का शव उसके हॉस्टल के कमरे से बरामद किया गया। घटना के बाद पूरे हॉस्टल और रिम्स परिसर में शोक का माहौल है। मृत छात्र की पहचान अक्षित कुजूर के रूप में हुई है। वह झारखंड के सिमडेगा जिले का रहने वाला था और रिम्स में एमबीबीएस सेकंड ईयर का छात्र था। घटना रिम्स के हॉस्टल नंबर-8 की बताई जा रही है।

सुबह दोस्तों ने देखा तो कमरे में मची अफरा-तफरी

जानकारी के अनुसार शुक्रवार रात खाना खाने के बाद अक्षित अपने कमरे में सोने चला गया था। शनिवार सुबह जब उसके कुछ दोस्त कमरे में पहुंचे तो देखा कि वह फंदे के सहारे पंखे से लटका हुआ है। यह देखकर दोस्तों के बीच अफरा-तफरी मच गई। साथी छात्र तुरंत उसे नीचे उतारकर इलाज के लिए (RIMS Trauma) रिम्स ट्रॉमा सेंटर ले गए। डॉक्टरों ने काफी देर तक उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन अक्षित की जान नहीं बच सकी।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही बरियातू थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने कमरे की जांच की और आसपास के छात्रों से पूछताछ भी की। बरियातू थाना प्रभारी मनोज कुमार (Manoj Kumar) ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। छात्र के परिजनों को भी घटना की जानकारी दे दी गई है।

अन्य पढ़े: West Bengal- चंद्रनाथ रथ हत्याकांड में बड़ा खुलासा, 70 लाख की सुपारी का शक, छापेमारी जारी

मानसिक तनाव में होने की आशंका

घटना पर दुख जताते हुए रिम्स निदेशक डॉ राजकुमार ने कहा कि अक्षित पढ़ाई में काफी मेधावी छात्र था। उन्होंने बताया कि छात्र के माता-पिता फिलहाल पंजाब में रहते हैं। शुरुआती जानकारी में यह बात सामने आई है कि अक्षित मानसिक तनाव से गुजर रहा था। रिम्स निदेशक ने कहा कि यह दुखद और हैरानी वाली बात है कि हॉस्टल में साथ रहने वाले दोस्तों को भी उसके तनाव के बारे में पता नहीं चल पाया। उन्होंने कहा कि परिजनों और दोस्तों से बातचीत कर मामले की पूरी जानकारी जुटाई जाएगी। घटना के बाद रिम्स के छात्रों में गहरा दुख है। साथी छात्रों ने बताया कि अक्षित शांत स्वभाव का था और पढ़ाई पर ज्यादा ध्यान देता था। अचानक हुई इस घटना से सभी लोग स्तब्ध हैं।

अन्य पढ़े:

Surekha Bhosle

लेखक परिचय

Surekha Bhosle

सूचना : इस वेबसाइट पर प्रकाशित खबरें केवल पाठकों की जानकारी के उद्देश्य से दी जाती हैं। हम अपनी ओर से यथासंभव सही और सटीक जानकारी प्रदान करने का प्रयास करते हैं।