Siddaramaiah Resignation : कर्नाटक को मिलेगा नया CM, डीके शिवकुमार के नाम पर मुहर

Read Time:  1 min
DK Shiv Kumar
DK Shiv Kumar
FONT SIZE
GET APP

मुख्य बातें: 

  • राहुल गांधी के संदेश के बाद फैसले की चर्चा
  • दिल्ली में कांग्रेस हाईकमान के साथ हुई थी बैठक
  • सिद्धारमैया और शिवकुमार की भावुक तस्वीरें सामने आईं

नई दिल्ली/बेंगलुरु। कर्नाटक की राजनीति में गुरुवार को बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। मुख्यमंत्री सिद्धारमैया (Chief Minister Siddaramaiah) ने इस्तीफा देने का फैसला कर लिया है। मुख्यमंत्री ने अपने आवास पर आयोजित ब्रेकफास्ट मीटिंग के दौरान कैबिनेट सहयोगियों को इस फैसले की जानकारी दी।बताया जा रहा है कि सिद्धारमैया दोपहर 3 बजे लोकभवन जाएंगे और राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंप सकते हैं। साथ ही कांग्रेस नेता डीके शिवकुमार को नया मुख्यमंत्री बनाए जाने की तैयारी तेज हो गई है।

ब्रेकफास्ट मीटिंग में हुआ बड़ा फैसला

सीएम आवास (CM House) पर हुई अहम बैठक के बाद सिद्धारमैया ने कथित तौर पर कहा कि वह मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देंगे और डीके शिवकुमार को नया मुख्यमंत्री बनाया जाएगा। इस घटनाक्रम के बाद राज्य की राजनीति में हलचल तेज हो गई है।

कांग्रेस आलाकमान के संकेत के बाद फैसला

CMO सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस हाईकमान ने सिद्धारमैया से नेतृत्व परिवर्तन के लिए रास्ता बनाने को कहा था। इसके बाद मुख्यमंत्री ने राज्यपाल से मिलने का समय मांगा। हालांकि लोकभवन सूत्रों का कहना है कि अभी तक राज्यपाल थावरचंद गहलोत से औपचारिक मुलाकात का समय तय नहीं हुआ है। राज्यपाल निजी कारणों से अपने गृह नगर इंदौर गए हुए हैं।

राहुल गांधी के संदेश की चर्चा

राजनीतिक सूत्रों का कहना है कि सिद्धारमैया के इस्तीफे के पीछे कांग्रेस नेतृत्व की बड़ी भूमिका हो सकती है। बताया जा रहा है कि यह संदेश सीधे राहुल गांधी की ओर से आया था। सिद्धारमैया पहले भी कई बार कह चुके हैं कि यदि लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी उनसे इस्तीफा देने के लिए कहेंगे, तो वह तुरंत पद छोड़ देंगे।

दिल्ली में हुई थी हाई लेवल बैठक

मंगलवार को कांग्रेस हाईकमान ने सिद्धारमैया और डीके शिवकुमार को दिल्ली बुलाया था। कांग्रेस मुख्यालय में राहुल गांधी, पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, केसी वेणुगोपाल और रणदीप सुरजेवाला के साथ लंबी बैठकें हुई थीं। इन्हीं बैठकों के बाद कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन की अटकलें तेज हो गई थीं।

Read Also : Madhubani Train Fire: मधुबनी स्टेशन पर अंत्योदय एक्सप्रेस के खाली कोच में लगी आग

सामने आईं भावुक तस्वीरें

मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी तस्वीरों में सिद्धारमैया और डीके शिवकुमार भावुक नजर आए। एक तस्वीर में सिद्धारमैया, शिवकुमार को गले लगाते दिखे, जबकि दूसरी तस्वीर में शिवकुमार मुख्यमंत्री का आशीर्वाद लेते हुए उनके पैर छूते नजर आए। इन तस्वीरों को कांग्रेस में नेतृत्व परिवर्तन के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।

Read More :

Anuj Kumar

लेखक परिचय

Anuj Kumar

सूचना : इस वेबसाइट पर प्रकाशित खबरें केवल पाठकों की जानकारी के उद्देश्य से दी जाती हैं। हम अपनी ओर से यथासंभव सही और सटीक जानकारी प्रदान करने का प्रयास करते हैं।