Latest Hindi News : UP-एक लाख का इनामी सिराज अहमद पुलिस मुठभेड़ में ढेर

Read Time:  1 min
इनामी सिराज अहमद
इनामी सिराज अहमद
FONT SIZE
GET APP

सुल्तानपुर,। लगभग ढाई दर्जन अपराधों में वांछित और यूपी के सुल्तानपुर के बहुचर्चित अधिवक्ता आजाद हत्याकांड में डेढ़ साल से फरार चल रहे बदमाश सिराज अहमद (Siraj Ahamed) को एसटीएफ ने मुठभेड़ में मार गिराया। उस पर एक लाख का इनाम घोषित था। यह मुठभेड़ सहारनपुर (Saharanpur) के गंगोह थाना क्षेत्र में हुई। मुठभेड़ के दौरान गोली लगने से सिराज गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

सहारनपुर के गंगोह में हुई मुठभेड़

पुलिस के अनुसार, एसटीएफ (STF) को शनिवार देर रात सूचना मिली थी कि सिराज अहमद किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में पंजाब-हरियाणा बॉर्डर से सहारनपुर जिले में दाखिल हुआ है। सूचना मिलते ही एसटीएफ टीम ने गंगोह थाना क्षेत्र में घेराबंदी की। खुद को घिरा देख सिराज ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसे गोली लगी और वह घायल हो गया।

अस्पताल में हुई मौत

घायल सिराज अहमद को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। एसपी कुंवर अनुपम सिंह ने मुठभेड़ और घायल होने की पुष्टि की है।

करीब 30 संगीन मुकदमों का था आरोपी

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, सिराज अहमद का आपराधिक इतिहास बेहद लंबा रहा है। उसके खिलाफ उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में हत्या, हत्या के प्रयास और राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) जैसी गंभीर धाराओं में करीब 30 मुकदमे दर्ज थे। वह लंबे समय से पुलिस और एसटीएफ के लिए चुनौती बना हुआ था।

अधिवक्ता आजाद हत्याकांड का मुख्य आरोपी

बताते चलें कि 8 अगस्त 2023 की शाम सुल्तानपुर दीवानी न्यायालय के अधिवक्ता आज़ाद अहमद की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस सनसनीखेज वारदात से जिले में कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए थे। पुलिस जांच में इस हत्याकांड का मुख्य आरोपी सिराज अहमद सामने आया था, जिसके बाद से वह फरार चल रहा था।

फरारी के दौरान संपत्ति भी हुई थी कुर्क

अधिवक्ता आज़ाद हत्याकांड में वांछित होने पर सिराज पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था। उसकी गिरफ्तारी के लिए यूपी एसटीएफ को लगाया गया था। लगातार दबिश के बावजूद वह पकड़ में नहीं आ सका। फरारी के दौरान मार्च 2025 में न्यायालय के आदेश पर उसकी करोड़ों रुपये की चल-अचल संपत्तियां भी कुर्क की गई थीं।

मौके से हथियार और अन्य सामान बरामद

एसटीएफ को मौके से एक मोटरसाइकिल, दो पिस्टल, भारी मात्रा में जिंदा कारतूस, खोखा कारतूस, चार मोबाइल फोन, दो वाई-फाई डोंगल, एक छोटा बैग और आधार कार्ड समेत अन्य महत्वपूर्ण कागजात बरामद हुए हैं। पुलिस अब उसके नेटवर्क और अन्य फरार अपराधियों से जुड़े सुराग खंगाल रही है।

Read More :

Anuj Kumar

लेखक परिचय

Anuj Kumar

सूचना : इस वेबसाइट पर प्रकाशित खबरें केवल पाठकों की जानकारी के उद्देश्य से दी जाती हैं। हम अपनी ओर से यथासंभव सही और सटीक जानकारी प्रदान करने का प्रयास करते हैं।