बिहार के गोपालगंज में जेडीयू विधायक (Amrendra Kumar Pappu Pandey)उर्फ पप्पू पांडे की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। जमीन कब्जे के आरोप में पुलिस ने उनके खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गैर-जमानती वारंट जारी किया है। इसके बाद पुलिस टीम उनके पैतृक गांव तुलसिया में छापेमारी के लिए पहुंची।
गैर-जमानती वारंट जारी, कई थानों की पुलिस मौके पर
गोपालगंज पुलिस ने विधायक पप्पू पांडे, उनके भाई सतीश पांडे और सीए राहुल तिवारी (CA Rahul Tiwari) के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया है। करीब 5 थानों की पुलिस टीम एक साथ छापेमारी में जुटी हुई है। पूरा मामला कुचायकोट थाने में दर्ज एफआईआर से जुड़ा है।
छापेमारी से पहले ही फरार हुए विधायक
सूत्रों के अनुसार, पुलिस कार्रवाई की भनक लगते ही विधायक पप्पू पांडे (MLA Pappu Pandey) और उनके भाई सतीश पांडे फरार हो गए हैं। पुलिस लगातार उनकी तलाश में दबिश दे रही है। छापेमारी के दौरान क्या बरामद होता है, इस पर सभी की नजर बनी हुई है।
क्या है पूरा जमीन विवाद मामला
यह मामला 1 अप्रैल को दर्ज शिकायत से जुड़ा है। मीरगंज निवासी जितेंद्र कुमार राय ने आरोप लगाया था कि करीब 17 एकड़ जमीन पर जबरन कब्जा करने की कोशिश की गई। शिकायत के मुताबिक, आरोपियों ने कमरे के ताले तोड़कर अपने ताले लगा दिए और विरोध करने पर फायरिंग कर दहशत फैलाने की कोशिश की।
Read Also : बिहार के कटिहार में भीषण सड़क हादसा, बस–पिकअप की टक्कर में 13 की मौत, 32 जख्मी
पुलिस को साजिश का शक
पुलिस का मानना है कि पूरी घटना एक सुनियोजित साजिश के तहत की गई है, जिसमें विधायक और उनके भाई की भूमिका सामने आ रही है। इसी आधार पर कार्रवाई तेज की गई है और गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
इलाके में बढ़ी हलचल, आगे की कार्रवाई पर नजर
इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।
Read More :