मुख्य बातें: –
- दिल्ली, यूपी, बिहार, झारखंड समेत कई राज्यों में रेड अलर्ट
- भारी बारिश और ओलावृष्टि की आशंका
- 29 और 30 मई सबसे ज्यादा खतरनाक दिन
- उत्तराखंड और हिमाचल में भी तेज बारिश का अलर्ट
नई दिल्ली। देश के कई राज्यों में अगले 48 घंटे बेहद भारी पड़ सकते हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी-तूफान, मूसलाधार बारिश (Heavy Rains) और ओलावृष्टि की आशंका है। कई राज्यों में रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
दिल्ली-एनसीआर और हरियाणा में बड़ा खतरा
मौसम विभाग के अनुसार 29 और 30 मई को दिल्ली, हरियाणा और चंडीगढ़ (Hariyana and Chandigarh) में 80 से 100 किमी/घंटे की रफ्तार से तेज तूफान आ सकता है। इसके साथ भारी बारिश और ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है। 28 मई तक लू का असर रहेगा लेकिन उसके बाद मौसम पूरी तरह बदल जाएगा।
उत्तर प्रदेश में धूल भरी आंधी के बाद तेज तूफान
उत्तर प्रदेश में 28 मई को धूल भरी आंधी और लू चलने की संभावना है। इसके बाद 29 मई को पश्चिमी यूपी में 80-100 किमी/घंटे और पूर्वी यूपी में 60-80 किमी/घंटे की रफ्तार से तूफान आने का अलर्ट जारी किया गया है। पश्चिमी यूपी में भारी बारिश और कई इलाकों में ओलावृष्टि हो सकती है।
बिहार-झारखंड में प्री-मानसून एक्टिव
बिहार में 28 और 29 मई को भारी बारिश और 60 से 80 किमी/घंटे की रफ्तार से तेज आंधी का अलर्ट है। मौसम विभाग ने कच्चे मकानों और पेड़ों को नुकसान की आशंका जताई है। झारखंड में 28 मई से 1 जून तक आंधी और बारिश का दौर जारी रहेगा। 28 से 30 मई के बीच हवा की रफ्तार 50 से 70 किमी/घंटे तक पहुंच सकती है।

पश्चिम बंगाल और पहाड़ी राज्यों में भी अलर्ट
पश्चिम बंगाल में 60 से 80 किमी/घंटे की रफ्तार से तेज तूफान और भारी बारिश का अनुमान है। वहीं सिक्किम और हिमालयी क्षेत्रों में लगातार बारिश हो सकती है। जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में भी तेज हवाओं और बारिश की चेतावनी जारी की गई है। उत्तराखंड में भारी बारिश का विशेष अलर्ट है।
मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में बदलेगा मौसम
पूर्वी मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में फिलहाल लू का असर रहेगा, लेकिन 29 मई से मौसम करवट लेगा। कई जिलों में ओलावृष्टि, तेज आंधी और बारिश की संभावना जताई गई है।
Read Also : Madhubani Train Fire: मधुबनी स्टेशन पर अंत्योदय एक्सप्रेस के खाली कोच में लगी आग
तापमान में आएगी बड़ी गिरावट
आंधी और बारिश के कारण दिल्ली-एनसीआर, यूपी, बिहार, झारखंड और मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों में तापमान 3 से 8 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
Read More :