मुख्य बातें: –
- प्रयागराज में SSC GD परीक्षा के दूसरे दिन भी हंगामा
- सर्वर डाउन होने से छात्रों को मिला सिर्फ 35 मिनट का समय
- नाराज अभ्यर्थियों ने परीक्षा केंद्र में की तोड़फोड़
प्रयागराज। एसएससी कांस्टेबल जीडी परीक्षा (GD Exam) में दूसरे दिन मंगलवार को भी जमकर हंगामा हुआ। अंदावा स्थित सीता सुनीता सिंह महिला महाविद्यालय के आईटेक जोन (ITech Zone) को परीक्षा केंद्र बनाया गया था। क्षमता से अधिक अभ्यर्थियों के पहुंचने और कंप्यूटर व बैठने की व्यवस्था नहीं मिलने से परीक्षार्थी नाराज हो गए।
सर्वर डाउन होने से बढ़ा विवाद
यहां परीक्षा तीन शिफ्टों में आयोजित होनी थी। पहली पाली की परीक्षा सुबह 10:30 बजे से 11:30 बजे तक निर्धारित थी। बताया गया कि सर्वर डाउन (Server Down) होने के कारण परीक्षा करीब 25 मिनट देरी से शुरू हुई, लेकिन पेपर तय समय पर समाप्त कर दिया गया। इससे अभ्यर्थियों को केवल 35 मिनट का समय मिल सका।
परीक्षा केंद्र में तोड़फोड़
कम समय मिलने से नाराज अभ्यर्थियों ने परीक्षा केंद्र के अंदर हंगामा शुरू कर दिया। गुस्साए छात्रों ने केंद्र में तोड़फोड़ की और परीक्षा निरस्त करने की मांग करने लगे।
वाराणसी मार्ग पर लगाया जाम
हंगामे के बाद अभ्यर्थियों ने प्रयागराज-वाराणसी जीटी रोड पर रास्ता जाम कर दिया। करीब एक घंटे तक सड़क जाम रहने से दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई।
पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचा
बवाल की सूचना मिलते ही प्रशिक्षु आईपीएस ईश्वर लाल गुर्जर, एसीपी थरवई अरुण पाराशर और थानाध्यक्ष संजय गुप्ता पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। प्रशासन ने छात्रों को समझाने का प्रयास किया।
तीनों पालियों की परीक्षा निरस्त
थानाध्यक्ष ने बताया कि एसएससी की ओर से तीनों पालियों की परीक्षा निरस्त कराने का आश्वासन दिए जाने के बाद छात्र शांत हुए। इसके बाद यातायात सामान्य कराया जा सका।
अन्य पढ़े: West Bengal- पहचान और कार्रवाई पूरी, अब शुरू होगा घुसपैठियों का डिपोर्टेशन
पहले दिन भी हुआ था हंगामा
उल्लेखनीय है कि 25 मई को भी इसी परीक्षा केंद्र पर अभ्यर्थियों ने जमकर हंगामा और तोड़फोड़ की थी। उस दिन भी करीब एक घंटे तक रास्ता जाम रहा था और परीक्षा रद्द करनी पड़ी थी।
Read More :