नई दिल्ली। देशभर में मौसम का मिजाज अचानक बिगड़ गया है। पहाड़ी इलाकों से लेकर मैदानी राज्यों तक तेज आंधी, बारिश और भूस्खलन ने जनजीवन को प्रभावित किया है। मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर (Delhi-NCR) समेत 10 से अधिक राज्यों में तेज तूफान, ओलावृष्टि और भारी बारिश (Heavy Rain) को लेकर अलर्ट जारी किया है।
कई राज्यों में तूफान और बारिश का अलर्ट
दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, बिहार और मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) समेत कई राज्यों में 60 से 80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और ओलावृष्टि की चेतावनी दी गई है।
दिल्ली में रेड अलर्ट जारी
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के लिए मौसम विभाग ने तेज तूफान और ओलावृष्टि को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है, जिससे जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है।
कश्मीर में भूस्खलन से सड़क बंद
कश्मीर के उड़ी क्षेत्र में भारी बारिश के चलते लगामा इलाके में भूस्खलन हुआ है, जिससे उड़ी-बारामुला राजमार्ग पर यातायात बाधित हो गया है। प्रशासन मलबा हटाने में जुटा है।
उत्तराखंड में हालात बिगड़े
उत्तराखंड में तेज बारिश, ओलावृष्टि और आंधी से कई जिलों में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। देहरादून समेत कई क्षेत्रों में पेड़ और बिजली के पोल गिरने से बिजली और पानी की आपूर्ति प्रभावित हुई है।
ऑरेंज अलर्ट, बिजली गिरने की चेतावनी
मौसम विभाग ने देहरादून, टिहरी और नैनीताल सहित कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए अगले दो दिनों तक तेज बारिश, आकाशीय बिजली और तेज हवाओं की चेतावनी दी है।
हिमाचल में फसलों को नुकसान
हिमाचल प्रदेश में आंधी और बारिश से कृषि और बागवानी को नुकसान पहुंचा है। कई जगह घरों की छतें उड़ गईं और पेड़ उखड़ गए।
उत्तर प्रदेश में हादसे, बिजली आपूर्ति बाधित
उत्तर प्रदेश में आंधी-पानी के दौरान पेड़ और दीवार गिरने से दो लोगों की मौत हो गई। कई गांवों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई, हालांकि लोगों को गर्मी से राहत मिली है।
राजस्थान में चौथे दिन भी असर
राजस्थान में धूलभरी आंधी, बारिश और तूफान का असर लगातार चौथे दिन भी जारी रहा। अजमेर और अलवर सहित कई जिलों में नुकसान की खबरें हैं।
जयपुर में जनजीवन प्रभावित
जयपुर में तेज हवाओं और बारिश के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। एक चलती कार पर पेड़ गिरने से यातायात बाधित हो गया।
पहाड़ों में पर्यटकों की भीड़
मनाली और लाहौल-स्पीति में मौसम के बीच भी पर्यटकों की भारी भीड़ देखने को मिली। कोकसर से ग्रांफू तक लंबा जाम लग गया, हालांकि बर्फबारी का आनंद लेने पहुंचे पर्यटकों में उत्साह बना रहा।
Read Also : Delhi- एसी ब्लास्ट से लगी आग, विवेक विहार की बिल्डिंग में 9 की मौत
राहत और परेशानी साथ-साथ
एक ओर जहां मौसम के बदलाव से लोगों को गर्मी से राहत मिली है, वहीं तेज आंधी, बारिश और भूस्खलन ने कई राज्यों में मुश्किलें भी बढ़ा दी हैं।
Read More :