IRAN- होर्मुज संकट का असर, नाकेबंदी से ईरान को हजारों करोड़ का नुकसान

Read Time:  1 min
होर्मुज संकट
होर्मुज संकट
FONT SIZE
GET APP

वॉशिंगटन। ईरान के खिलाफ अमेरिका की सख्त रणनीतिक घेराबंदी का व्यापक आर्थिक असर अब साफ तौर पर नजर आने लगा है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के नेतृत्व में होर्मुज जलडमरूमध्य (Hormuz Strait) में की गई नाकेबंदी ने ईरानी अर्थव्यवस्था को गहरी चोट पहुंचाई है। एक रिपोर्ट के मुताबिक इस ब्लॉकेड से ईरान को अब तक करीब 5 अरब डॉलर (लगभग 40 हजार करोड़ रुपये) के तेल राजस्व का नुकसान हो चुका है।

तेल टैंकर फंसे, निर्यात पर ब्रेक

अमेरिकी कार्रवाई के चलते ईरान (IRAN) के 40 से अधिक जहाजों को वापस लौटना पड़ा है, जबकि 31 तेल टैंकर अभी भी खाड़ी में फंसे हुए हैं। इन टैंकरों में करीब 53 मिलियन बैरल कच्चा तेल भरा है, जिसकी कुल कीमत लगभग 4.8 अरब डॉलर आंकी गई है।

भंडारण संकट बना बड़ी चुनौती

ईरान के सामने अब तेल भंडारण की गंभीर समस्या खड़ी हो गई है। जमीन पर जगह कम पड़ने के कारण वह पुराने टैंकरों को ‘फ्लोटिंग स्टोरेज’ के रूप में इस्तेमाल कर रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि अगर हालात जल्द नहीं सुधरे, तो ईरान को तेल उत्पादन रोकने जैसे कठोर कदम उठाने पड़ सकते हैं।

पाकिस्तान बना सहारा

इस बीच पाकिस्तान ने ईरान के साथ अपनी सीमा पर 6 नए व्यापारिक कॉरिडोर (Corridor) खोल दिए हैं, जिससे समुद्री मार्ग बंद होने के बावजूद जमीनी रास्ते से जरूरी सामान की आपूर्ति जारी रह सके। इस कदम ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई चर्चा को जन्म दिया है।

अमेरिका का नरम रुख, कूटनीतिक संकेत

दिलचस्प बात यह है कि इस मामले में अमेरिका का रुख अपेक्षाकृत नरम नजर आया है। राष्ट्रपति ट्रंप ने पाकिस्तान के इस कदम पर कड़ी आपत्ति जताने के बजाय उसकी सराहना की है। कूटनीतिक हलकों में इसे ईरान पर दबाव बनाए रखते हुए बातचीत की ओर धकेलने की रणनीति के रूप में देखा जा रहा है।

Read Also : Delhi- एसी ब्लास्ट से लगी आग, विवेक विहार की बिल्डिंग में 9 की मौत

वैकल्पिक रास्तों की तलाश में ईरान

दूसरी ओर, ईरान भी इस संकट से निकलने के लिए नए रास्ते तलाश रहा है। उसके कुछ टैंकर भारत और मलेशिया के रास्ते मलक्का स्ट्रेट होते हुए चीन तक तेल पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं। इससे साफ है कि पश्चिम एशिया का यह संकट अब केवल सैन्य नहीं, बल्कि जटिल आर्थिक और रणनीतिक मुकाबले में बदल चुका है।

Read More :

Anuj Kumar

लेखक परिचय

Anuj Kumar

सूचना : इस वेबसाइट पर प्रकाशित खबरें केवल पाठकों की जानकारी के उद्देश्य से दी जाती हैं। हम अपनी ओर से यथासंभव सही और सटीक जानकारी प्रदान करने का प्रयास करते हैं।